चित्तौड़गढ़। राष्ट्र के लिए कर्तव्य पर शहीद होने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देने के लिए पुलिस लाइन में बुधवार को पुलिस शहीद दिवस का आयोजन किया गया। पुलिस अधिकारियों व जवानों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने इस वर्ष शहीद हुए पुलिसकर्मियों के बारे में जानकारी दी। शहीदों को हथियार व शीश झुका कर शोक सलामी दी गई। उनके सम्मान में दो राउंड फायरिंग भी की गई। पुलिस लाईन, थानों व कार्यालयों के पुलिसकर्मी रक्तविरों ने स्वेच्छिक रक्तदान किया।
शहीद दिवस पर बहादुर दिलों को किया याद
पुलिस लाइन में आयोजित शहीद दिवस समारोह में एसपी धर्मेंद्र सिंह ने देश के सभी प्रान्तों, केन्द्र शासित प्रदेशों व अर्द्ध सैन्य बलों के विभिन्न संवर्ग सहित राजस्थान के सभी शहीद अधिकारियों एवं कर्मचारियों के पदनाम व उनके नाम का वाचन कर उन्हें सम्मान दिया।
अपने कर्तव्य के प्रदर्शन में पुलिसकर्मियों द्वारा किए गए बलिदान की गवाही के रूप में पुलिस लाईन ग्राउंड में राईफल और टोप से बने स्मारक पर एसपी ने पुष्प चक्र अर्पित कर वर्ष में शहीद हुए पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि दी।
संचित निरीक्षक अनिल पांडे के नेतृत्व में बनी एमबीसी व पुलिस की सम्मान गार्ड द्वारा शस्त्रों को उलट शोक शस्त्र कर दिवंगत आत्माओं के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा गया। पुलिस बैंड कर्मियों ने लास्ट पोस्ट धुन बजाई। शहीदों के सम्मान में परेड में शामिल पुलिस कर्मियों द्वारा राईफल से दो-दो राउंड फायरिंग की गई।
कार्यक्रम में मौजूद सभी पुलिस अधिकारियों/ कर्मचारियों व सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित करते हुए नमन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी शहीद हुए पुलिस कर्मियों को सलामी दी गई।
इसलिए मनाया जाता है, पुलिस शहीद दिवस
उल्लेखनीय हैं, कि 21 अक्टूबर 1959 के दिन भारत- तिब्बत के सीमा पर चीन और भारतीय सीमा विवाद में कई केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के सदस्य शहीद हुए थे। हर वर्ष 21 अक्टूबर को यह पुलिस स्मृति दिवस अथवा पुलिस शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है।
समारोह में रक्तदान एवं पौधारोपण कार्यक्रम
पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह सहित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों ने शहीदों की स्मृति में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं, जिले के विभिन्न थानों, पुलिस लाइन एवं कार्यालयों में पुलिसकर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संकल्प निभाया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के अलावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह, अशोक कुमार, पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण एवं सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी मौजूद रहे।