कालापीपल। शाजापुर जिले की कालापीपल तहसील के ग्राम खोकरा कला में विजयदशमी का पर्व हर्षाेल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दशहरा उत्सव समिति की ओर से भगवान श्रीराम के रथ और रावण का चल समारोह निकाला गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच निकला जुलूस गांव के प्रमुख मार्गों से होता हुआ दशहरा मैदान पहुंचा, जहां राम-रावण के अंतिम संवाद की प्रस्तुति दी गई।
दशहरा उत्सव समिति के संचालक कमल सिंह राजपूत ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम के रथ को सजाकर की गई। राजपूत मोहल्ले से शुरू हुआ चल समारोह गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए दशहरा मैदान पहुंचा। यहां भगवान श्रीराम की आरती के बाद रावण दहन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रावण दहन के बाद ग्रामीणों ने गांव के अति प्राचीन भैरू महाराज के दर्शन किए। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं। छोटों ने बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया, वहीं ग्रामीणों ने आपस में गले मिलकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम में कालापीपल थाने से प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश, ग्राम कोटवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह और धार्मिक आस्था का माहौल बना रहा।