ग्वालियर। शीतला माता मंदिर हादसे में 16 लोगों की मौत के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कलेक्टर और एसपी को हटाने की मांग की है। बुधवार को ग्वालियर पहुंचे पटवारी ने हादसे में घायल लोगों और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अधिकारियों का निलंबन और लाइन अटैच करना जनता को गुमराह करने का तरीका बन गया है। इतनी बड़ी घटना के बाद केवल जांच का भरोसा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए ऐसा लगता है कि मोहन यादव सरकार सामूहिक हत्याकांडों में महारत हासिल कर चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण लोगों की जान जा रही है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकताएं की जा रही हैं।
जिस रास्ते पर साइकिल नहीं जा सकती, वहां पहुंचे दो भारी ट्रक
पटवारी ने हादसे की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस रास्ते पर साइकिल तक नहीं जा सकती, वहां दो-दो भारी ट्रक कैसे पहुंच गए? उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के बाद घायलों को समय पर एंबुलेंस और चिकित्सा सहायता नहीं मिली। कुछ घायलों को चार से पांच घंटे तक खून बहने की स्थिति में मदद का इंतजार करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कई लोग अब भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं और कुछ घायलों के पैर काटने पड़े हैं।
एयरलिफ्ट के बाद भी इलाज नहीं मिलने का आरोप
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री ने घायलों को एयरलिफ्ट कराने की पहल की, लेकिन इसके बाद भी उचित इलाज नहीं मिलने की शिकायतें सामने आईं। उन्होंने एक घायल को 24 घंटे तक डॉक्टर नहीं मिलने और बाद में उसके दोनों पैर काटने पड़ने का आरोप लगाया। पटवारी ने कहा कि जिस परिवार ने अपने तीन सदस्यों को खो दिया और जिसके चौथे सदस्य के पैर काटने पड़े, उसकी पीड़ा को समझना जरूरी है। पीड़ितों के परिवारों को न्याय दिलाना और दोषियों पर कार्रवाई करना सरकार की जिम्मेदारी है।
कफ सिरप, जहरीली शराब और दूषित पानी की घटनाओं पर भी घेरा
पटवारी ने जहरीले कफ सिरप से बच्चों की मौत, जहरीली शराब से हुई मौतों और इंदौर में दूषित पानी से लोगों की जान जाने की घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मामलों में अधिकारियों को निलंबित या लाइन अटैच किया गया, लेकिन बाद में उन्हें दूसरी जिम्मेदारियां दे दी गईं। उन्होंने कहा कि सरकार को हादसे की जांच के साथ प्रशासनिक और राजनीतिक जवाबदेही भी तय करनी चाहिए।
भाजपा पर मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप
पटवारी ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और नशे जैसी समस्याओं पर चर्चा होनी चाहिए। लोकतंत्र में विरोध और आंदोलन का अधिकार है। उन्होंने कहा कि सरकार को विपक्ष पर आरोप लगाने के बजाय जनता की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस शीतला माता मंदिर हादसे के पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाएगी। सरकार की जिम्मेदारी केवल संवेदना जताना नहीं, बल्कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करना भी है।