राजगढ़। नवरात्रि के पावन पर्व पर महानवमी के अवसर पर राजगढ़ में वाड़ी माता की भव्य धर्मयात्रा निकाली गई। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार आयोजित इस धर्मयात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ भाग लिया। माता रानी के जयकारों से नगर के प्रमुख मार्ग गूंज उठे।
धर्मयात्रा में 151 बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत गरबा रास विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं राधा डांस ग्रुप, मादल, गुरु राजेंद्र बैंड, नासिक ढोल और डीजे साउंड की धुनों पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। यात्रा में शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण सहित राजस्थानी संस्कृति पर आधारित मनमोहक झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
नगर के मुख्य मार्गों से निकली इस भव्य धर्मयात्रा के दौरान भक्तों ने वाड़ी माता की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और सभी के मंगल की कामना की। पूरे आयोजन में धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।