नीमच। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन कनावटी स्थित शहीद स्मारक पार्क में पुलिस स्मृति परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वाेच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थितजनों ने शहीद जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को नमन किया।
21 अक्टूबर को मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस-
उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवान शहीद हो गए थे। इन वीर जवानों के बलिदान तथा देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के सम्मान में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस पुलिस बल के अदम्य साहस, कर्तव्यपरायणता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
शहीद जवानों के नामों का वाचन, स्मृति परेड में दी सलामी-
कार्यक्रम के दौरान नीमच पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नामों का वाचन किया और उनके सर्वाेच्च बलिदान को नमन किया। इसके बाद पुलिस स्मृति परेड आयोजित की गई, जिसमें शहीद जवानों को सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। परेड का नेतृत्व प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक दिव्या चन्द्रवंशी ने किया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अर्पित की पुष्पांजलि-
कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, एडीएम बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगरपालिका अध्यक्ष स्वाती गौरव चौपड़ा, एसडीएम पराग जैन, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, जावद एसडीओपी हर्ष राठौर, प्रशिक्षु डीएसपी दिव्या चन्द्रवंशी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया, रक्षित निरीक्षक अजय सिंह एवं सुरेश सिसोदिया तथा होमगार्ड कमांडेंट युवराज सिंह सहित जिले के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी उपस्थितजनों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीद पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही राष्ट्र और समाज की सुरक्षा के लिए उनके द्वारा दिए गए सर्वाेच्च बलिदान का स्मरण किया।
नीमच पुलिस ने शहीद जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वाेच्च बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प दोहराते हुए देश की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सभी वीर पुलिसकर्मियों को शत-शत नमन किया।