झाबुआ। प्रभारी कलेक्टर जितेन्द्र सिंह चौहान की अध्यक्षता में समयावधि पत्रों एवं अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत लंबित शिकायतों, जन विश्वास शिविर की तैयारियों तथा जल चौपालों के आयोजन की समीक्षा की गई।
प्रभारी कलेक्टर जितेन्द्र सिंह चौहान ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर जोर दिया उन्होंने 12 नॉन अटेंडेंट शिकायतों से संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की समीक्षा के दौरान प्रभारी कलेक्टर ने अभियान अंतर्गत लंबित 1887 शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिए इनमें से 208 शिकायतों का निराकरण भ्रमण सप्ताह के दौरान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
प्रभारी कलेक्टर ने आगामी शुक्रवार को पारा में आयोजित होने वाले जन विश्वास शिविर की आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि शिविर का आयोजन सुव्यवस्थित रूप से किया जा सके।
बैठक में जल चौपालों के आयोजन की भी समीक्षा की गई इसके अतिरिक्त प्रभारी कलेक्टर ने ‘ए’ मार्क किए गए समयावधि (टीएल) पत्रों की समीक्षा कर उनके संबंध में की गई कार्रवाई की जानकारी ली।
इस दौरान अपर कलेक्टर सी. एस सोलंकी, सहायक कलेक्टर आयुषी बंसल, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे।