गुना। मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संभागीय स्तरीय पुरुष एवं महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन पीजी कॉलेज के श्यामा प्रसाद मुखर्जी खेल प्रशाल में किया गया। प्रतियोगिता में गुना की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला, दोनों वर्गों के खिताब अपने नाम किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्राचार्य डॉ. प्रभात चौधरी एवं सेवानिवृत्त सहायक ग्रंथपाल हरवीर सिंह रघुवंशी उपस्थित रहे। खिलाड़ियों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल में जीत और हार दोनों महत्वपूर्ण हैं। प्रत्येक खिलाड़ी को खेल भावना, अनुशासन और आपसी सम्मान के साथ खेलना चाहिए।
पुरुष वर्ग में गुना की शानदार जीत
पुरुष वर्ग का पहला मुकाबला गुना और शिवपुरी के बीच खेला गया। गुना की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और बढ़त हासिल की। मध्यांतर से पहले गुना ने पेनाल्टी शूटआउट से एक गोल और एक फील्ड गोल कर अपनी स्थिति मजबूत की। गुना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शिवपुरी को 3-0 से पराजित कर पुरुष वर्ग का खिताब जीत लिया।
महिला वर्ग में भी गुना का दबदबा
महिला वर्ग में भी गुना और शिवपुरी के बीच मुकाबला हुआ। मैच के शुरुआती 10 मिनट के बाद गुना की महिला टीम ने पहला गोल दागकर बढ़त बना ली। इसके बाद टीम ने लगातार बेहतर खेल का प्रदर्शन किया और मुकाबले के अंत तक शिवपुरी को 3-0 से शिकस्त देकर महिला वर्ग की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
विजेता और उपविजेता टीमों का सम्मान
प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथियों द्वारा पुरुष एवं महिला वर्ग की विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। दोनों वर्गों में गुना की जीत से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल रहा।