झाबुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं आगामी आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, स्वामित्व योजना, अल्प वर्षा वाले जिलों की स्थिति तथा त्योहारों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के क्रियान्वयन एवं स्वामित्व योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।साथ ही अल्प वर्षा की स्थिति वाले जिलों में उत्पन्न परिस्थितियों एवं उनसे संबंधित विषयों पर चर्चा हुई।
आगामी त्योहारों एवं मेलों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई इस दौरान आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।
बैठक में खाद्य सामग्री में मिलावटखोरी की रोकथाम के संबंध में की जा रही कार्यवाही की समीक्षा की गई, इसके अतिरिक्त मौसम परिवर्तन के कारण होने वाली बीमारियों की रोकथाम एवं बचाव से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगामी 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म जयंती तथा 01 नवम्बर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की।
बैठक में प्रभारी कलेक्टर जितेन्द्र सिंह चौहान, पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार, अपर कलेक्टर सी. एस सोलंकी, सहायक कलेक्टर आयुषी बंसल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपालसिंह महोबिया एवं अन्य अधिकारी वीसी के माध्यम से उपस्थित रहे।