रतलाम। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में विभागीय योजनाओं और विद्यालयों में संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान पीएम श्री विद्यालय रिंगनोद में विद्यार्थियों को समय पर पुस्तकें और साइकिल वितरित नहीं किए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को संबंधित विद्यालय के प्राचार्य और जावरा बीईओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन, जिला शिक्षा अधिकारी, डीपीसी, बीईओ और बीआरसी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए। इसके लिए अधिकारी विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करें और व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करें।
समीक्षा के दौरान जावरा बीईओ ने बताया कि विद्यालय का निरीक्षण किया गया था, लेकिन निरीक्षण के समय संबंधित कमरा बंद मिला। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करने और मौके पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने के निर्देश दिए।
कलेक्टर कटेसरिया ने कहा कि शिक्षा विभाग के विद्यालयों की व्यवस्थाओं और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ट्राइबल विभाग के विद्यालयों की व्यवस्थाएं बेहतर हैं, इसलिए शिक्षा विभाग के विद्यालयों को भी उसी स्तर पर लाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
समय पर कार्य नहीं करने पर कार्रवाई के निर्देश-
कलेक्टर ने समय पर कार्य नहीं करने पर जावरा और आलोट के बीआरसी को हटाने के निर्देश दिए। साथ ही डीपीसी को कार्य में लापरवाही बरतने वाले बीआरसी और बीईओ के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में साइकिल वितरण योजना, पुस्तक वितरण, मुख्यमंत्री स्कूटी योजना, लैपटॉप वितरण योजना, सीएम हेल्पलाइन और अपार आईडी निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने और योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।