कसरावद। देशभर में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया, लेकिन ग्राम छोटी कसरावद में जमीन विवाद के चलते ग्रामीण दशहरा नहीं मना सके।
ग्रामीणों के अनुसार हर साल जिस मैदान में रावण दहन होता है, इस बार जमीन मालिक मनीष जायसवाल ने उसे रावण दहन होने से रोक दिया। इससे तैयारी के बावजूद ग्रामीणों को बिना दशहरा मनाए घर लौटना पड़ा।
वहीं ग्रामीणों का दावा है कि उक्त भूमि शासकीय है और उसी मैदान में स्कूल भी संचालित हो रहा है।
जमीन को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। अब सवाल है कि जमीन का वास्तविक मालिक कौन है। ग्रामीणों ने प्रशासन से राजस्व अभिलेखों की जांच कर विवाद का समाधान और परंपरा को बरकरार रखने की मांग की है।