छतरपुर। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करते हुए 47 लाख रुपये की लागत से निर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का शुभारंभ किया गया। बागेश्वर महाराज और राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया की गरिमामयी उपस्थिति में फीता काटकर स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण संपन्न हुआ।
इस अस्पताल की नींव वर्ष 2023 में तत्कालीन खनिज मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह और आयुष राज्य मंत्री ओमप्रकाश कावरे की मौजूदगी में रखी गई थी। भूमि पूजन के अवसर पर बागेश्वर सरकार भी शामिल हुए थे।
लोकार्पण के बाद बागेश्वर महाराज और विधायक अरविंद पटेरिया ने अस्पताल के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। इनमें डॉक्टर चौंबर, मरीजों के पंजीयन कक्ष, औषधि कक्ष और भंडार कक्ष शामिल हैं।
इस आयुष्मान आरोग्य मंदिर के शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों और बागेश्वर धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर आयुष चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। अस्पताल में मरीजों के उपचार के लिए दो डॉक्टर, चार कंपाउंडर और एक योग प्रशिक्षक सहायक की तैनाती की गई है।
स्वास्थ्य केंद्र सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होगा। यहां मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।