शहडोल। जिले के अमलाई थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 पर गुरुवार सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। पहले हादसे में कोयले से लोड अनियंत्रित ट्रेलर घर में घुसकर पलट गया, जिससे गृहस्थी का सामान क्षतिग्रस्त हो गया और आधा दर्जन से अधिक बकरियों की मौत हो गई। वहीं, ग्राम बत्रा के पास स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर में मजदूर प्रेमलाल बैगा की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पहली घटना नगर परिषद बकहो के वार्ड क्रमांक-05 की है। ट्रेलर क्रमांक डच् 1र्7 3470 का टायर फटने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर राधेश्याम कोल के घर में घुस गया और पलट गया। हादसे में घर का सामान क्षतिग्रस्त हो गया और आधा दर्जन से अधिक बकरियों की दबने से मौत हो गई। राधेश्याम कोल ने बताया कि दशहरे के कारण घर पर मेहमान आए हुए थे। परिवार के सदस्य आंगन में बैठकर खाना खा रहे थे, तभी ट्रेलर घर के दूसरे कमरे में जा घुसा। गनीमत रही कि परिवार के सदस्य सुरक्षित बच गए।
दूसरी घटना ग्राम बत्रा के पास हुई, जहां स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में प्रेमलाल बैगा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक नगर परिषद बरगवां-अमलाई के वार्ड क्रमांक-03 का निवासी था। स्कॉर्पियो में सुहागपुर एरिया के रामपुर बटूरा उपक्षेत्रीय प्रबंधक संदीप शर्मा सवार थे। हादसे के बाद वे मौके पर मौजूद रहे। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।