शहडोल। मरीजों की जान बचाने के लिए सड़कों पर दौड़ने वाली एंबुलेंस खुद हादसे का शिकार हो गई। मरीज को छोड़कर वापस लौट रही एक एंबुलेंस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने यात्री प्रतीक्षालय से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में एंबुलेंस चालक को कोई चोट नहीं आई और घटना के वक्त वाहन में कोई मरीज भी सवार नहीं था।
चरहेट पोड़ी तिराहे के पास हुआ हादसा
घटना शहडोल जिले के सीधी थाना क्षेत्र अंतर्गत चरहेट पोड़ी तिराहे के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस मरीज को छोड़कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और चालक संभल पाता, उससे पहले ही एंबुलेंस सड़क किनारे बने यात्री प्रतीक्षालय से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
गनीमत रही, एंबुलेंस में नहीं था मरीज
इस दुर्घटना में सबसे बड़ी राहत यह रही कि एंबुलेंस में उस समय कोई मरीज मौजूद नहीं था और चालक भी सुरक्षित रहा। यदि वाहन में कोई गंभीर मरीज या अन्य व्यक्ति सवार होता, तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। वहीं, यात्री प्रतीक्षालय के पास हुई इस दुर्घटना ने वहां से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी?
फिलहाल, एंबुलेंस के अनियंत्रित होने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। तेज रफ्तार, चालक का वाहन से नियंत्रण खोना या तकनीकी खराबीकृइनमें से किस वजह से हादसा हुआ, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।