इस बार कम बारिश के चलते आने वाली गर्मी में पानी का संकट बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने लोगों से अभी से पानी बचाने की आदत डालने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपने घर में RO से निकलने वाले वेस्टेज पानी को जमा कर दोबारा इस्तेमाल करने का तरीका बताया।
विजयवर्गीय ने कहा कि इस बार मालवा-निमाड़ में करीब 21 से 22 इंच बारिश हुई है। दिवाली तक एक-दो इंच और बारिश होने की संभावना भी कम है। ऐसे में इसी पानी से आने वाली गर्मी तक काम चलाना होगा। कम बारिश का असर नर्मदा नदी के जलस्तर, तालाबों में पानी और जमीन के भीतर के जलस्तर पर भी पड़ सकता है।
एक गिलास पीने योग्य पानी के साथ दो गिलास वेस्टेज
मंत्री ने अपने घर का उदाहरण देते हुए बताया कि उनके यहां दो RO हैं। परिवार में करीब 25 से 30 लोग हैं और रोजाना 300 से 400 लोग मिलने आते हैं। RO से एक गिलास पीने योग्य पानी तैयार होने पर करीब दो गिलास पानी वेस्टेज के रूप में निकलता है। आमतौर पर यह पानी वॉश बेसिन में बह जाता है।
उन्होंने बताया कि घर में एक टंकी रखकर RO से निकलने वाले वेस्टेज पानी की पाइप उसमें जोड़ दी है। इस पानी का इस्तेमाल कपड़े धोने, फर्श साफ करने, बर्तन धोने और बागवानी में किया जाता है। इससे बड़ी मात्रा में पानी बचाया जा सकता है।
रोजमर्रा की आदत बनाएं पानी की बचत
विजयवर्गीय ने कहा कि पानी बचाना केवल संकट के समय की जरूरत नहीं, बल्कि रोजमर्रा की आदत बननी चाहिए। परिवार के हर सदस्य को पानी बचाने और उसका दोबारा उपयोग करने के तरीके अपनाने चाहिए।
उन्होंने आशंका जताई कि आने वाली गर्मी में पानी की कमी के कारण लोगों को परेशानी हो सकती है। इसलिए अभी से पानी बचाने की शुरुआत करना जरूरी है, ताकि मुश्किल समय में राहत मिल सके।