नीमच। दीपावली पर्व के दौरान आगजनी की संभावित घटनाओं से निपटने और शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नीमच नगर पालिका ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर पालिका परिसर में फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों और ड्राइवरों को आग बुझाने तथा अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान एल्कलॉइड फैक्ट्री के फायर सेफ्टी मेन सब-इंस्पेक्टर खुशीराम मीणा ने कर्मचारियों को फायर ब्रिगेड के संचालन, सुरक्षा उपकरणों के उपयोग और आग लगने की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने की जानकारी दी। इस दौरान आग लगाकर मॉक ड्रिल भी की गई, जिसमें कर्मचारियों को आग पर काबू पाने के व्यावहारिक तरीके समझाए गए।
इस अवसर पर नगर पालिका के राजस्व विभाग के कन्हैयालाल शर्मा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य दीपावली के दौरान किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना, जान-माल के नुकसान को कम करना और शहरवासियों की सुरक्षा बनाए रखना है।