शामगढ़। कोटा रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले शामगढ़ रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह रेल जनसंवाद शिविर का आयोजन किया गया। कोटा से आए वरिष्ठ रेल अधिकारियों ने यात्रियों की समस्याएं सुनीं और रेल सेवाओं में सुधार तथा यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव मांगे। शिविर के दौरान यात्रियों ने जनरल कोच में साफ-सफाई की कमी, प्लेटफॉर्म पर टिकट वेंडिंग मशीन लगाने और ट्रेनों में महिला सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने जैसे सुझाव दिए।
जनरल कोच की सफाई और महिला सुरक्षा का मुद्दा उठा-
जनसंवाद शिविर में यात्रियों ने जनरल कोच में साफ-सफाई की समस्या अधिकारियों के सामने रखी। साथ ही शामगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर टिकट वेंडिंग मशीन लगाने का सुझाव दिया गया। यात्रियों ने ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक ट्रेन में पुलिस गश्ती दल की तैनाती की व्यवस्था करने की मांग भी रखी। अधिकारियों ने यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को सुना।
छोटे यात्री ने मांगी हर बार विंडो सीट-
शिविर के दौरान एक छोटे रेल यात्री ने भी अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखी। बच्चे ने कहा कि उसे हर बार ट्रेन में विंडो सीट मिलनी चाहिए और सरकार को बच्चों के लिए ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए। बच्चे की मासूम मांग सुनकर वहां मौजूद रेल अधिकारी मुस्कुरा उठे। अधिकारियों ने बच्चे के सुझाव को भी दर्ज किया। इस दौरान यात्रियों की विभिन्न समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की गई।
कोटा रेल मंडल के अधिकारी रहे मौजूद-
रेल जनसंवाद शिविर में कोटा रेल मंडल के सीनियर डीई नीरज शर्मा, एपीओ विमल मीणा, वेलफेयर इंस्पेक्टर आरबी मीणा सहित शामगढ़ स्टेशन अधीक्षक फिरोज खान, आईओडब्ल्यू हरि प्रकाश, अन्य रेल अधिकारी-कर्मचारी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान मौजूद रहे। शिविर का उद्देश्य यात्रियों की समस्याओं को समझना और उनके सुझावों के आधार पर रेल सेवाओं एवं सुविधाओं में सुधार की संभावनाओं पर काम करना रहा।