कसरावद। जिले के कसरावद क्षेत्र के बड़गांव ओटा में एक दर्दनाक हादसे में नाले में डूबने से एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों बच्चियां घर के पास खेल रही थीं। इसी दौरान वे नाले के करीब पहुंच गईं और पानी में गिर गईं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां घर के पास खेल रही थीं। खेलते-खेलते वे पास स्थित नाले तक पहुंच गईं। इसी दौरान पैर फिसलने या गहराई का अंदाजा नहीं लगने से दोनों पानी में जा गिरीं। बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को नाले से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक एक बच्ची की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरी गंभीर हालत में मिली।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
घायल बच्ची को परिजन तत्काल कसरावद के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल खरगोन रेफर कर दिया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
गांव में पसरा मातम
हादसे में एक बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में मातम छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्ग कायम किया। मृत बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।