बड़वानी। भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता बूथ, मंडल, विधानसभा और जिला स्तर पर आमजन के बीच पहुंचेंगे।
गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अजय यादव ने की, जबकि जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
बैठक में जिला अध्यक्ष अजय यादव ने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के कथित दुष्प्रचार का जवाब देने और आमजन के बीच फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करने का आह्वान किया। वहीं, जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल यादव ने राष्ट्रपति, निर्वाचन आयोग और सर्वाेच्च न्यायालय जैसी संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को लेकर जनता के बीच तथ्यों के साथ अपनी बात रखने की अपील की।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिला संयोजक एवं जिला मंत्री रविन्द्र कुलकर्णी ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
बैठक के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता अनूप मिश्रा के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। साथ ही जल उपभोक्ता संस्था के चुनाव में ग्राम तलून और फातियापुर में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त की गई।
बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जिला पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों और विभिन्न स्तरों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
अब 5 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के जरिए भाजपा संगठन जमीनी स्तर पर अपनी बात जनता तक पहुंचाने की तैयारी में है।