रतलाम। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने पुराने कलेक्टर कार्यालय परिसर में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों की स्थिति, विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं और परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने पुस्तकालय में रखी पुस्तकों का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि पुरानी और अनुपयोगी हो चुकी साहित्यिक पुस्तकों के स्थान पर नए संस्करण उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि पुस्तकों को अच्छी स्थिति में रखा जाए, ताकि पाठकों की रुचि बनी रहे। जिन पुस्तकों के कवर खराब हो गए हैं, उन पर तत्काल नए कवर लगाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने ग्रंथपाल से कहा कि लंबे समय से पुस्तकालय में रखी ऐसी पुस्तकों की समीक्षा की जाए, जिनका वर्षों से इश्यू नहीं हुआ है। ऐसी पुस्तकों के स्थान पर रुचिकर साहित्य, प्रतियोगी परीक्षाओं और विद्यार्थियों के अध्ययन से संबंधित उपयोगी पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं, ताकि पुस्तकालय का अधिकाधिक लाभ विद्यार्थियों को मिल सके।
बच्चों के बीच बैठकर जाना पढ़ाई का अनुभव
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर कटेसरिया पुस्तकालय में अध्ययन कर रहे बच्चों के बीच बैठकर उनसे बातचीत की। उन्होंने बच्चों से पूछा कि वे कौन-सी पुस्तक पढ़ रहे हैं और उन्हें पुस्तकालय में पढ़ाई के दौरान किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं होती। उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई और करियर संबंधी योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली।
कलेक्टर ने पुस्तकालय में विद्यार्थियों के लिए बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने और आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखने पर जोर दिया।
गीता भवन में बनेगा आधुनिक पुस्तकालय, ई-लाइब्रेरी की सुविधा भी प्रस्तावित
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अनिल भाना ने बताया कि कॉमर्स कॉलेज के पास ऑडिटोरियम परिसर में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से गीता भवन का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है।
प्रस्तावित गीता भवन में वृद्धजनों के लिए पुस्तकें, सामान्य पुस्तकालय और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पुस्तकें उपलब्ध कराने की योजना है। इसके साथ ही ई-लाइब्रेरी और कैफेटेरिया की सुविधा भी प्रस्तावित है। इससे शहर के विद्यार्थियों और पुस्तक प्रेमियों को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं मिल सकेंगी।
पुस्तकालय के नीचे जमा कचरा सात दिन में हटाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पुस्तकालय के नीचे रखे पुराने कचरे और अनुपयोगी सामग्री का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वहां जमा कचरे और खराब सामग्री को सात दिवस के भीतर हटाकर नियमानुसार विनष्टीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने पुस्तकालय परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित और अध्ययन के अनुकूल बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि पुस्तकों के रखरखाव के साथ-साथ परिसर की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।