चित्तौड़गढ़। नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित ‘FIGHT AGAINST DRUGS’ मोटरसाइकिल रैली शुक्रवार, 23 अक्टूबर को चित्तौड़गढ़ पहुंचेगी। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकतानगर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम के तहत निकाली जा रही इस रैली में देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की टीमें भाग ले रही हैं। अजमेर से रवाना होकर रैली चित्तौड़गढ़ पहुंचेगी और यहां से उदयपुर के लिए प्रस्थान करेगी।
देश के विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान होंगे शामिल
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि रैली में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), सीमा सुरक्षा बल (BSF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), सशस्त्र सीमा बल (SSB), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) सहित विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा बलों एवं पुलिस संगठनों के सदस्य शामिल हैं।
रैली का मुख्य उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
एसपी ने अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की
रैली के सफल आयोजन को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने गुरुवार को अपने कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा सहित संबंधित पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में रैली के आगमन, स्वागत कार्यक्रम, निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमन को लेकर चर्चा की गई।
एसपी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए रैली के सुचारु एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ सीमा पर स्वागत, पुलिस लाइन में होगा संवाद
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रैली का सबसे पहले भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ सीमा पर स्वागत किया जाएगा। इसके बाद पुलिस लाइन चित्तौड़गढ़ में स्वागत समारोह आयोजित होगा। यहां पुलिस लाइन ऑडिटोरियम में ‘FIGHT AGAINST DRUGS’ विषय पर संवाद कार्यक्रम भी रखा गया है।
संवाद कार्यक्रम के बाद अल्पाहार की व्यवस्था रहेगी। इसके पश्चात मोटरसाइकिल रैली पुलिस लाइन से विजय स्तंभ तक पहुंचेगी। विजय स्तंभ, दुर्ग चित्तौड़गढ़ से रैली को फ्लैग ऑफ किया जाएगा, जिसके बाद प्रतिभागी उदयपुर जिले के लिए रवाना होंगे।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट
रैली के आगमन को देखते हुए जिला पुलिस की ओर से स्वागत, सुरक्षा, यातायात नियमन और सुचारु आवागमन के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थलों और रैली मार्ग पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आयोजन व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
नशामुक्त समाज का संदेश देगी रैली
‘FIGHT AGAINST DRUGS’ मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही, नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया जाएगा।
यह पहल नशे के विरुद्ध जनभागीदारी बढ़ाने और समाज में स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक जीवनशैली को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।