झाबुआ। आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम और उपभोक्ताओं के हितों के संरक्षण के लिए जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन एवं नापतौल विभाग की संयुक्त टीम ने झकनावदा में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लिए। वहीं, नापतौल संबंधी अनियमितताएं पाए जाने पर दो दुकानदारों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए।
पांच प्रतिष्ठानों से लिए खाद्य पदार्थों के नमूने-
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए भव्य ट्रेडर्स से हल्दी पाउडर, चाय और टोस्ट के नमूने लिए गए। अमूल डेयरी एवं किराना से पनीर और घी तथा विश्वास किराना से टोस्ट और घी के नमूने संग्रहित किए गए।
इसके अतिरिक्त प्रदीप ट्रेडर्स से सोयाबीन तेल और अरिहंत किराना से मैगी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। इस कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और बाजार में मिलावटी सामग्री की बिक्री पर रोक लगाना है।
नापतौल संबंधी अनियमितताओं पर दो दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई-
संयुक्त अभियान के दौरान नापतौल विभाग की टीम ने प्रदीप ट्रेडर्स और अरिहंत किराना का भी निरीक्षण किया। जांच में पैकेटबंद वस्तुओं पर अनिवार्य मानक घोषणाएं अंकित नहीं होने तथा असत्यापित तौल उपकरण पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
त्योहारों के दौरान जारी रहेगी जांच-
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
इस संयुक्त कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी, नापतौल निरीक्षक और नापतौल सहायक शामिल रहे।