उज्जैन। दशहरा पर्व के दौरान हुई मारपीट, पत्थरबाजी और कथित अवैध वसूली की घटनाओं पर नीलगंगा थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। आरोपियों का सरेआम जुलूस निकाकर सबक सिखाया।
उज्जैन पुलिस के अनुसार, नानाखेड़ा क्षेत्र में ऑटो चलाने के बदले एक चालक से कथित तौर पर हर सप्ताह एक हजार रुपये मांगने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया था। प्रकरण क्रमांक 506/2026 में पुलिस ने संजय नगर निवासी पीयूष और ऋषभ बमरेला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को क्षेत्र में ले जाकर तास्दीक की गई।
दशहरा पर्व के दौरान रुपये देने से मना करने पर युवकों के साथ गाली-गलौज, पत्थरबाजी और मारपीट के एक अन्य मामले में प्रकरण क्रमांक 508/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने राधा परिसर, नानाखेड़ा निवासी यशवंत उर्फ यश को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि बोलेरो वाहन खड़ा करने को लेकर हुए विवाद में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य शिकायतों पर भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रमन मालवीय और धर्मेंद्र उर्फ बांका बाथम के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।