केरवासा/जावरा। संकल्प सोशल फाउंडेशन, केरवासा के तत्वावधान में नीम चौक की महारानी के यहां मां कालिका की नौ दिवसीय भव्य आराधना हर्षाेल्लास एवं भक्तिमय माहौल में संपन्न हुई। नौ दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
आयोजन के दौरान प्रतिदिन मातारानी के दरबार में छोटी-छोटी बालिकाओं द्वारा गरबा प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। वहीं, बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
आयोजन की विशेषता मां कालिका की मिट्टी से निर्मित प्रतिमा रही, जिसे विशेष रूप से उज्जैन से लाया गया था। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाली यह प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।
आयोजन के अंतिम दिन मां कालिका को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके साथ ही गरबा एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली बालिकाओं को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। अंतिम दिवस पर मां बगलामुखी का हवन-पूजन भी किया गया। इसके पश्चात मां कालिका की प्रतिमा का विधि-विधान के साथ रघुनाथगढ़ स्थित मलेनी नदी में विसर्जन किया गया।
इस अवसर पर संकल्प सोशल फाउंडेशन के सभी सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। नौ दिवसीय आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।