छतरपुर। जिले की नौगांव थाना पुलिस ने अवैध पटाखों के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 कार्टन आतिशबाजी और एक तीन पहिया टैक्सी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने झांसी निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नौगांव पुलिस को पलेरा रोड पर अवैध आतिशबाजी के परिवहन की सूचना मिली थी। इसी दौरान डिग्री कॉलेज के पास रोड पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम ने एक तीन पहिया टैक्सी से कार्टन गिरते देखा। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की जांच की, जिसमें 13 कार्टन पटाखे बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने पटाखे झांसी से खरीदकर लाने की बात बताई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान झांसी निवासी जमील खान के रूप में हुई है। पुलिस ने आतिशबाजी और परिवहन में इस्तेमाल टैक्सी को जब्त कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।