शहडोल। बस स्टैंड पर गुरुवार शाम घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे 18 साल के इंजीनियरिंग छात्र शुभमराज कोल की अचानक मौत हो गई। वह पिता शेषमणि कोल के साथ गांव लौट रहा था। कुछ देर पहले ही दोनों इंदिरा चौक स्थित एक निजी अस्पताल से इलाज कराकर निकले थे। बस स्टैंड पर इंतजार के दौरान शुभमराज की तबीयत बिगड़ी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
दो हफ्ते से बीमार था छात्र
शुभमराज जयसिंहनगर के मीठी गांव का रहने वाला था और भोपाल में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। वह पिछले दो हफ्ते से बीमार था। उसकी तबीयत ठीक नहीं होने पर पिता उसे भोपाल से लेकर आए थे।
डॉक्टरों ने फेफड़ों में गंभीर समस्या बताई
पिता शेषमणि कोल ने बताया कि गुरुवार दोपहर वे बेटे को इंदिरा चौक स्थित निजी अस्पताल लेकर गए थे। वहां डॉक्टरों ने फेफड़ों में गंभीर समस्या बताई। जांच के लिए एक्स-रे कराया गया और तीन इंजेक्शन लगाने के साथ दवाइयां लिखकर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
बस स्टैंड पर बिगड़ी तबीयत
अस्पताल से निकलने के बाद पिता-पुत्र गांव जाने के लिए बस स्टैंड पहुंचे। दोनों बस का इंतजार कर रहे थे, तभी शुभमराज की तबीयत अचानक बिगड़ गई। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक छा गया।