भोपाल। मुंबई में इंडिया केम-2026 के उद्घाटन सत्र में गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मप्र को रसायन और पेट्रोकेमिकल उद्योग का ग्लोबल हब बनाने का लक्ष्य रखा।
उन्होंने आदित्य बिरला समूह के प्रमुख कुमार मंगलम बिरला और उनके बेटे आर्यमन विक्रम बिरला से मुलाकात की। सीएम ने निवेश बढ़ाने और जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) में शामिल होने का न्योता दिया।
कुमार मंगलम बिड़ला ने सीएम मोहन यादव को सिंगरौली की हिंडाल्को इंडस्ट्री में 22 हजार करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव दिया है। सीएम वस्त्र, उच्च शिक्षा और फार्मा कंपनियों के प्रतिनिधियों से चर्चा की।
भोपाल में आज फिशरीज इन्वेस्टर्स कॉन्क्लेव
राज्य सरकार प्रदेश में मत्स्य पालन, प्रसंस्करण और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में राष्ट्रीय फिशरीज इन्वेस्टर्स एंड एक्सपोर्टर्स कॉन्क्लेव-2026 आयोजित करने जा रही है।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मत्स्य पालन मंत्री राजीव रंजन सिंह इसका शुभारंभ करेंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल और प्रदेश के राज्यमंत्री नारायण पंवार भी इसमें शामिल होंगे। कोल्ड चेन और निर्यात बाजार विकसित करने पर भी बात होगी।
सालाना 22 लाख टन पेट्रोकेमिकल उत्पाद तैयार होंगे रू
मुख्यमंत्री ने मुंबई प्रवास में कहा कि बीना में 50 हजार करोड़ रुपए की डाउनस्ट्रीम पेट्रोकेमिकल परियोजना का काम शुरू हो गया है। इससे सालाना 22 लाख टन से अधिक पेट्रोकेमिकल उत्पाद तैयार होंगे। बीपीसीएल की करीब 49 हजार करोड़ रुपए की एथिलीन क्रैकर और रिफाइनरी विस्तार परियोजना से सहायक उद्योगों को भी अवसर मिलेंगे।
इंदौर में सेमीकंडक्टर समिट आज, 50 से ज्यादा कंपनियां दिखाएंगी अपनी तकनीक रू
मप्र सेमीकंडक्टर समिट-2026 शुक्रवार को इंदौर में शुरू होने जा रही है। समिट में मुख्यमंत्री निवेशकों के सामने प्रदेश को सेमीकंडक्टर हब बनाने का विजन पेश करेंगे। वे निवेशकों और कंपनियों के प्रतिनिधियों से वन-टू-वन बैठकें करेंगे। इस दो दिवसीय समिट में देश-विदेश की 50 से अधिक कंपनियां अपनी तकनीक और उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी।