मंदसौर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को विधायक हरदीप सिंह डंग एवं कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने ग्राम भटूनी पहुंचकर उन्नत कृषक विनोद पाटीदार के खेत में संतरे की फसल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने संतरे की खेती के बारे में जानकारी ली और कृषक के प्रयासों की सराहना की।
शासन की योजनाओं का लाभ लेकर कृषक विनोद पाटीदार लगभग 25 बीघा भूमि में संतरे की खेती कर रहे हैं। इस खेती से उन्हें लाखों रुपये की आय प्राप्त होने की संभावना है। उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाकर की जा रही संतरे की खेती क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने कृषक विनोद पाटीदार के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने किसानों से शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ उठाने तथा आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने का आह्वान किया।
इस प्रकार उन्नत कृषि पद्धतियों और शासन की योजनाओं का लाभ लेकर किसान खेती को अधिक लाभकारी बना सकते हैं।