मंदसौर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को गरोठ क्षेत्र के ग्राम चंदवासा में टप्पा तहसील का शुभारंभ विधायक हरदीप सिंह डंग एवं कलेक्टर दिव्यांक सिंह द्वारा किया गया। टप्पा तहसील शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनके समय और धन की बचत होगी तथा कार्यों का शीघ्र निराकरण हो सकेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक हरदीप सिंह डंग ने कहा कि चंदवासा में टप्पा तहसील शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को बड़ी सुविधा मिलेगी। मध्यप्रदेश सरकार क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और लगातार विकास कार्यों की सौगात दे रही है।
उन्होंने कहा कि आवरा-आवरी की पुलिया का निर्माण शीघ्र शुरू होने वाला है, वहीं मेलखेड़ा से चंदवासा तक डिवाइडर रोड का निर्माण भी प्रस्तावित है। इसके अलावा क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालय सहित कई विकास कार्य किए गए हैं। विधायक ने क्षेत्र को विकास की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।
विधायक डंग ने कलेक्टर दिव्यांक सिंह की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे विकास कार्यों को लेकर सकारात्मक सोच के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उपज से उद्यम योजना के माध्यम से किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए किसान क्लस्टर बनाए जा रहे हैं। इस योजना के तहत किसानों की उपज की ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग पर जोर दिया जाएगा, जिससे उन्हें अपनी फसलों का बेहतर मूल्य मिल सके और उनकी आय में वृद्धि हो।
कार्यक्रम को नीलकमल मेहता ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर गरोठ के एसडीएम राहुल चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।