मंदसौर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को शामगढ़ स्थित आईटीआई परिसर में उद्यम संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर सफल हुए उद्यमियों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। इस अवसर पर विधायक हरदीप सिंह डंग, कलेक्टर दिव्यांक सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुकूल जैन तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक मंगल रैकवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक हरदीप सिंह डंग ने कहा कि सफल उद्यमियों की कहानियां बेरोजगार युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। युवाओं को इनसे प्रेरणा लेकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए और स्वयं का उद्योग स्थापित कर आत्मनिर्भर बनना चाहिए। साथ ही, अपने उद्यम के माध्यम से अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराना चाहिए।
विधायक डंग ने महिलाओं की आत्मनिर्भरता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि शासन की योजनाओं का लाभ लेकर महिलाएं सशक्त बन रही हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होकर अपने परिवार की समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
उद्यम संवाद के दौरान उद्यानिकी विभाग की योजनाओं से लाभान्वित उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए। इनमें किशोर कुमार धनगर ने तेल मिल की स्थापना, दुर्गेश धनोतिया ने नमकीन यूनिट, हरि बल्लभ काला ने फ्लोर मिल तथा रत्नेश धनगर ने डेयरी स्थापना के माध्यम से मिली सफलता की जानकारी दी।
इसी प्रकार सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के अंतर्गत पवन पांडे ने पेपर कप निर्माण तथा राजीव ने पाइप निर्माण इकाई स्थापित करने की अपनी सफलता की कहानी प्रस्तुत की। वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत भूरी नायक ने भी अपने अनुभव साझा किए।
हितग्राहियों को वितरित किए ऋण स्वीकृति के चेक
कार्यक्रम के दौरान शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत शादाब खान को 3 लाख रुपये, दीपक सोलंकी को 9 लाख 50 हजार रुपये तथा राहुल ग्वाले को 9 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को स्वरोजगार के अवसरों से परिचित कराना, सफल उद्यमियों के अनुभवों से प्रेरित करना तथा शासन की योजनाओं के माध्यम से उद्यमिता और रोजगार सृजन को बढ़ावा देना रहा।