भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी में संगठनात्मक फेरबदल और नई नियुक्तियों का दौर एक बार फिर से शुरू हो गया है। पार्टी संगठन की तरफ से नियुक्तियों की इस श्रृंखला की शुरुआत करते हुए धर्मेंद्र सिंह चौहान को एक बार फिर मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी इस दोबारा नियुक्ति से समर्थकों में खुशी की लहर है।
दो महीने पहले भंग किए गए थे सभी प्रकोष्ठ
गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रदेश संगठन में कसावट लाने और नए सिरे से गठन करने के लिए सभी प्रकोष्ठों और विभागों को भंग कर दिया गया था। उस दौरान प्रकोष्ठ भंग होने के चलते धर्मेंद्र सिंह चौहान भी अपने पद से हट गए थे। अब पार्टी द्वारा प्रकोष्ठों और विभागों को भंग किए जाने के बाद यह पहली आधिकारिक नियुक्ति है, जिसे आगामी रणनीतियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
किसान कांग्रेस की कमान दोबारा मिलने के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही पार्टी अन्य प्रकोष्ठों और विभागों में भी नए पदाधिकारियों की घोषणा कर सकती है।