खरगोन। जिले के मिर्च उत्पादक किसानों को अब लाल मिर्च बेचने के लिए बैड़िया, धामनोद और इंदौर की मंडियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। कपास, अनाज और मक्का के बाद अब बलवाड़ी मंडी में भी लाल मिर्च की नीलामी शुरू हो गई है। पूर्व कृषि राज्यमंत्री एवं खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार की पहल पर शुरू हुई इस व्यवस्था से स्थानीय किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए नजदीक ही बाजार उपलब्ध होगा।
विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद शुभ मुहूर्त में लाल मिर्च की नीलामी शुरू हुई। पहले ही दिन मुहूर्त में लाल मिर्च 1,811 रुपये प्रति किलो के भाव से बिकी। अब बलवाड़ी मंडी में प्रतिदिन नीलामी पद्धति से लाल मिर्च की खरीदी-बिक्री होगी।
इस सुविधा से खरगोन, भगवानपुरा और भीकनगांव सहित आसपास के क्षेत्रों के मिर्च उत्पादक किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर मंडी सुविधा मिलने से किसानों का समय और परिवहन खर्च बचेगा, वहीं नीलामी के जरिए उपज का बेहतर भाव मिलने की संभावना भी बढ़ेगी। मंडी की शुरुआत से क्षेत्र के मिर्च उत्पादक किसानों में उत्साह है।