देवास। देवास में मोबाइल चोरी की दो घटनाओं की जांच करते हुए कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1.50 करोड़ रुपए कीमत के 400 मोबाइल फोन और 6 लाख रुपए नकद सहित कुल 1.56 करोड़ रुपए का मशरूका जब्त किया है।
ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस गिरोह तक पहुंची। जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान सहित पांच राज्यों के 22 जिलों में मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी किए गए मोबाइल इंदौर में मुख्य रिसीवर तक पहुंचाए जाते थे, जहां से उनकी अवैध खरीद-फरोख्त की जाती थी।
पुलिस को चोरी के मोबाइल विदेशों में तस्करी के जरिए सप्लाई किए जाने की भी आशंका है। इस संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क की अन्य कड़ियों का पता लगाया जा रहा है।