खरगोन/कसरावद। खरगोन जिले की कसरावद तहसील के ग्राम मुलठान सहित आसपास के गांवों में जंगली जानवर के हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, मुलठान निवासी किसान चेतराम यादव के खेत में बने बाड़े में तेंदुए ने घुसकर गाय के एक वर्षीय बछड़े का शिकार कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों में चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पास के ग्राम सांगवी में भी खलिहान में बंधे भैंस के बच्चे का शिकार किया गया। वहीं, भट्टियान खुर्द में बैल के पैर पर हमला करने और कमोदवाड़ा में बाड़े में सो रहे कुत्ते का शिकार किए जाने की बात भी सामने आई है। इन घटनाओं के पीछे तेंदुए के होने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने की पिंजरा लगाने की मांग
ग्रामीणों के मुताबिक, आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन इसी मार्ग से एनटीपीसी सेल्दा में काम करने के लिए आते-जाते हैं। ऐसे में जंगली जानवर की गतिविधियों से लोगों में भय बना हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता भीम सिंह पटेल और पूर्व जनपद सदस्य मोहन मोरी ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। उन्होंने ग्रामीणों और पशुओं की सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र के खेतों में पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की।
वन विभाग की टीम पहुंची, बनाया पंचनामा
सूचना मिलने पर वन क्षेत्रपाल छोटेलाल डाले, वनरक्षक आरती गंगारेकर, बीट प्रभारी संजय गेहलोत, पशु चिकित्सक डॉ. जितेंद्र सिसोदिया और ग्राम पंचायत सचिव जगन्नाथ पटेल मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और जंगली जानवर को पकड़ने के लिए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।