सरवानिया महाराज। शहर के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र से मिलने वाली घरेलू एवं कृषि बिजली में लो वोल्टेज की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप स्थित पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के विद्युत उपकेंद्र पर 10 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफॉर्मर लगाने का कार्य अंतिम चरण में है। इसके स्थापित होने से विद्युत ग्रिड की कुल क्षमता 10 एमवीए से बढ़कर 15 एमवीए हो जाएगी। इससे विशेष रूप से किसानों को सिंचाई के दौरान होने वाली लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
वर्तमान में उपकेंद्र पर 5-5 एमवीए क्षमता के दो पावर ट्रांसफॉर्मर लगे हुए हैं। इनमें से एक ट्रांसफॉर्मर को हटाकर उसके स्थान पर 10 एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफॉर्मर लगाया जा रहा है। इससे विद्युत भार को बेहतर तरीके से नियंत्रित करने और उपभोक्ताओं को अधिक सुचारु बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ-
कनिष्ठ अभियंता शशिकांत मीणा ने बताया कि लो वोल्टेज की समस्या और बिजली के बढ़ते भार को देखते हुए कंपनी से नए 10 एमवीए के पावर ट्रांसफॉर्मर की मांग की गई थी। मांग के अनुसार नया ट्रांसफॉर्मर प्राप्त हो गया है, जिसे 23 अक्टूबर को उपकेंद्र पर स्थापित करने का कार्य निर्धारित किया गया। इसके लिए आवश्यक परमिट भी जारी कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ने से त्योहारी सीजन में घरेलू उपभोक्ताओं, व्यापारियों और किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
ट्रांसफॉर्मर स्थापित करने के लिए तैयारियां पूरी
लाइन इंस्पेक्टर राजेश पाटीदार ने बताया कि नए पावर ट्रांसफॉर्मर को स्थापित करने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जेसीबी मशीन की सहायता से ग्रिड परिसर में ट्रांसफॉर्मर को निर्धारित स्थान तक पहुंचाने के लिए रास्ता तैयार किया गया। इसके बाद उज्जैन से आए ट्रांसफॉर्मर को दो बड़ी क्रेनों की मदद से स्टैंड पर शिफ्ट किया गया।
उन्होंने बताया कि ट्रांसफॉर्मर स्थापित करने के लिए सुबह से शाम 7 से 8 बजे तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। इस कार्य के चलते 23 अक्टूबर को शहर की घरेलू एवं कृषि बिजली आपूर्ति बंद रखी गई।
इन गांवों के किसानों को मिलेगी राहत-
नए ट्रांसफॉर्मर की स्थापना से सरवानिया महाराज सहित कलेपुर, आंकली, मुकनपुरा, बरखेड़ा मीणा, उपरेड़ा, मोड़ी, बरखेड़ा चौहान, खेड़ा मोड़ी, आमली भाट, आमली चक, ढाबा, ढाबी, जगेपुर मीणा, देपालपुरा, गादोला और संपतपुरा के बिजली उपभोक्ताओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
10 एमवीए का नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित होने से उपकेंद्र पर विद्युत भार संभालने की क्षमता बढ़ेगी। इससे 33 केवी बिजली को 11 केवी स्तर पर परिवर्तित कर क्षेत्र में आपूर्ति करने वाली व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। परिणामस्वरूप किसानों को सिंचाई के दौरान और घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली उपयोग के समय लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिलने की संभावना है।