रतलाम। दीपावली पर्व पर जनसुरक्षा को लेकर रतलाम पुलिस अलर्ट हो गई है। मध्यप्रदेश शासन के प्रतिबंधात्मक निर्देशों के तहत कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप के उपयोग, निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके पालन को लेकर पुलिस ने बाजारों में दुकानों की चेकिंग शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार लाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर राकेश पांद्रो के मार्गदर्शन में पुलिस टीमें दुकानदारों को प्रतिबंध का पालन करने की समझाइश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, कार्बाइड गन का इस्तेमाल बेहद खतरनाक हो सकता है। रासायनिक प्रतिक्रिया से अचानक दबाव बनने के कारण आंखों की रोशनी जाने, चेहरे पर गंभीर जलन और अन्य चोटों का खतरा रहता है।
रतलाम पुलिस ने आम नागरिकों, किसानों और व्यापारियों से कार्बाइड गन एवं लैंप का उपयोग और बिक्री नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित दीपावली मनाने और जनसुरक्षा में सहयोग करने का आग्रह किया है।