नीमच। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को नीमच तहसील के ग्राम जवासा स्थित शासकीय हाई स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, शिक्षकों की उपस्थिति, शिक्षण गतिविधियों और विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी विषयगत समझ परखी और नियमित अध्ययन, निरंतर अभ्यास तथा आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों से संवाद कर परखी शैक्षणिक दक्षता
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों से अंग्रेजी विषय से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने स्मार्ट डिजिटल बोर्ड के माध्यम से विद्यार्थियों से प्रश्न हल करवाए और उनकी विषयगत समझ का आकलन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठों को ध्यानपूर्वक पढ़ने, उनमें निहित सीख को समझने तथा नए अंग्रेजी शब्दों का नियमित अभ्यास करने की सलाह दी।
रटने के बजाय समझकर सीखने पर जोर-
कलेक्टर ने शिक्षकों से कहा कि विद्यार्थियों को केवल रटकर पढ़ने के बजाय विषयों को समझकर सीखने के अवसर उपलब्ध कराएं। शिक्षण प्रक्रिया को सरल, रोचक और व्यावहारिक बनाते हुए विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। साथ ही, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता के अनुसार उन पर विशेष ध्यान दें, ताकि उनके शैक्षणिक स्तर में निरंतर सुधार हो सके।
अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित करने के निर्देश
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और समय के सदुपयोग का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास आवश्यक हैं। विद्यार्थियों को अपनी कमजोरियों को पहचानकर उन्हें दूर करने के लिए नियमित अभ्यास करना चाहिए।
उन्होंने विद्यालय की प्राचार्या को अभिभावक-शिक्षक बैठकें आयोजित कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर चर्चा करने के निर्देश दिए। साथ ही, अनियमित रूप से विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से संवाद कर अनुपस्थिति के कारणों का पता लगाने और बच्चों को नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
स्मार्ट डिजिटल बोर्ड से शिक्षण कार्य का अवलोकन-
कलेक्टर ने विद्यालय में स्मार्ट डिजिटल बोर्ड के माध्यम से संचालित शिक्षण गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर पढ़ाई को सरल, रोचक और उपयोगी बनाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, एसडीएम पराग जैन, विद्यालय की प्राचार्या सीमा शुक्ला, शिक्षिका वर्षा दतिया सहित संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय का शिक्षकीय स्टाफ उपस्थित रहा।