चित्तौड़गढ़। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में नशे के विरुद्ध जनजागरूकता के उद्देश्य से निकाली जा रही ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ पहुंची। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने रैली में शामिल विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा बलों एवं पुलिस संगठनों के अधिकारियों का स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें एनएसजी के आईजी अमित कुमार पाठक ने उपस्थित अधिकारियों, जवानों एवं विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई। इसके बाद ऐतिहासिक विजय स्तंभ से रैली को फ्लैग ऑफ कर उदयपुर के लिए रवाना किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि गुजरात के एकतानगर में 31 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में यह रैली निकाली जा रही है। इसका उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
पुलिस लाइन में हुआ संवाद कार्यक्रम
पुलिस लाइन ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा बलों एवं पुलिस संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। एनएसजी के आईजी अमित कुमार पाठक ने सभी को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा, डीवाईएसपी बृजेश सिंह एवं भूराराम खिलेरी सहित विभिन्न थानों के अधिकारी, पुलिसकर्मी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
विजय स्तंभ से उदयपुर के लिए रवाना हुई रैली
संवाद कार्यक्रम के बाद रैली ऐतिहासिक विजय स्तंभ पहुंची, जहां से उसे उदयपुर के लिए रवाना किया गया। रैली में एनएसजी, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस, उत्तराखंड पुलिस एवं एनडीआरएफ के अधिकारी शामिल रहे। रैली के माध्यम से नशे के विरुद्ध जागरूकता, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
अधिकारियों ने किया चित्तौड़गढ़ दुर्ग का भ्रमण
रैली को रवाना करने के बाद इसमें शामिल अधिकारियों ने ऐतिहासिक चित्तौड़गढ़ दुर्ग का भ्रमण किया। अधिकारियों ने दुर्ग की गौरवशाली विरासत, ऐतिहासिक महत्ता और स्थापत्य कला का अवलोकन किया तथा इसकी भव्यता की प्रशंसा की।
जिला पुलिस की ओर से रैली के स्वागत, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए। यह अभियान युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।