नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से शुक्रवार को ग्राम सावन में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार गांवों में जनचौपाल एवं समाधान शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए शासकीय कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना योजना, पेंशन सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
विधायक ने ग्राम सावन में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए रिंग रोड, सामुदायिक भवन, डोम निर्माण एवं बीस भुजा माता मंदिर के जीर्णाेद्धार का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि सावन से भादवामाता तक सड़क निर्माण से श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिली है। कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए उन्होंने किसानों एवं ग्रामीणों से जल संरक्षण करने और पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने की अपील की। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बेटा-बेटी दोनों को शिक्षा के समान अवसर मिलने चाहिए। समाज के शिक्षित लोगों को अशिक्षित व्यक्तियों को पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने गुरुजनों के सम्मान की परंपरा बनाए रखने तथा स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीणों को संपत्ति का अधिकार उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना प्राथमिकता रू कलेक्टर
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत प्रशासनिक अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं एवं शासकीय सुविधाओं का लाभ समय पर मिले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ मिलने में आ रही कठिनाइयों का परीक्षण कर नियमानुसार निराकरण किया जाए।
कलेक्टर ने बताया कि ग्राम सावन में सहकारी समिति, राशन दुकान, विद्यालय एवं अस्पताल सहित विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। इस दौरान खाद-बीज की उपलब्धता, राशन वितरण और अन्य आवश्यक सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शासकीय संस्थाओं में सेवाओं की गुणवत्ता एवं नियमितता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वामित्व योजना के संबंध में कलेक्टर ने बताया कि ग्राम सावन का राजस्व नक्शा स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जा चुका है। डिजिटल नक्शा प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी समस्याओं, सुझावों एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन शिविर में प्रस्तुत करने की अपील की, ताकि उनका समय-सीमा में निराकरण किया जा सके।
ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के दिए निर्देश
समाधान शिविर में ग्रामीणों ने सीमांकन, सीमा विवाद, पेंशन, फसल बीमा, आंगनवाड़ी, विद्यालय एवं सड़क सहित विभिन्न विषयों से संबंधित समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए। विधायक एवं कलेक्टर ने आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शिविर में गंभीर तीव्र कुपोषण (एसएएम) से प्रभावित बच्चों की माताओं को पोषण संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए न्यूट्री बास्केट वितरित की गईं। साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किए गए।
नशामुक्त समाज बनाने की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान विधायक दिलीप सिंह परिहार ने ग्रामीणों को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त भारत एवं नशामुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण में सहभागी बनने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्रुति भायडिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।