नीमच। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने ग्राम सावन स्थित सहकारी संस्था का निरीक्षण कर खाद वितरण व्यवस्था, किसान क्रेडिट कार्ड, ऋण वितरण एवं वसूली सहित संस्था की विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने फर्टिलाइजर गोदाम में उपलब्ध खाद के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया तथा खाद का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
किसान क्रेडिट कार्ड एवं खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संस्था द्वारा किसानों को वितरित किए जा रहे किसान क्रेडिट कार्ड ऋण की स्थिति तथा ऋण वितरण एवं वसूली की समीक्षा की। उन्होंने दुग्ध उत्पादन एवं पशुपालन गतिविधियों से जुड़े किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से दिए जा रहे ऋण की जानकारी भी ली। साथ ही नैनो यूरिया, नैनो डीएपी सहित अन्य उर्वरकों के वितरण की स्थिति का जायजा लिया।
कलेक्टर ने एग्री स्टैक एवं ई-विकास पोर्टल के माध्यम से किसानों को किए जा रहे खाद वितरण की प्रक्रिया की जानकारी लेकर व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सहकारी संस्था के कंप्यूटरीकरण की प्रगति का भी अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उचित मूल्य की दुकान पर खाद्यान्न की गुणवत्ता जांची
कलेक्टर चंद्रा ने सहकारी संस्था द्वारा संचालित उचित मूल्य की दुकान, सावन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए जा रहे खाद्यान्न की स्थिति देखी तथा गेहूं और चावल की गुणवत्ता का परीक्षण किया। इस दौरान पीओएस मशीन की कार्यप्रणाली की भी जांच की।
पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं संस्था के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसानों को उर्वरकों का वितरण नियमानुसार एवं पारदर्शी तरीके से किया जाए। खाद के स्टॉक का नियमित मिलान और उचित संधारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपलब्धता एवं वितरण का सही रिकॉर्ड बना रहे।
उन्होंने उचित मूल्य की दुकान पर पात्र उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच पराग जैन, जिला नोडल अधिकारी कोऑपरेटिव बैंक राम प्रसाद नागदा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।