नीमच। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने ग्राम सावन स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ओपीडी, वार्ड और प्रयोगशाला की व्यवस्थाएं देखीं
कलेक्टर चंद्रा ने स्वास्थ्य केंद्र के ओपीडी, वार्ड, दवा वितरण केंद्र एवं प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने आयुष्मान कार्ड एवं जन आरोग्य से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की।
दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने तथा दवाइयों की उपलब्धता एवं वितरण से संबंधित स्टॉक पंजी में नियमित रूप से प्रविष्टियां दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रयोगशाला में जांच की प्रक्रिया और जांच रिपोर्ट की उपलब्धता की जानकारी भी ली। साथ ही, एंटी स्नेक वेनम सहित आवश्यक टीकों की उपलब्धता की समीक्षा की।
जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं की जानकारी मांगी
कलेक्टर ने प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी संकलित कर प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि मरीजों को आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं तथा स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखी जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, एसडीएम पराग जैन, प्रभारी सीएमएचओ डॉ. संगीता भारती, मेडिकल ऑफिसर डॉ. दीपक व्यास, नर्सिंग ऑफिसर भावना पाटीदार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।