नीमच। पुलिस मुख्यालय (पीटीआरआई), भोपाल के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा के उद्देश्य से यातायात पुलिस नीमच की ओर से शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत चित्तौड़गढ़ रोड स्थित सड़क दुर्घटना संभावित क्षेत्र सगराना घाटी (ब्लैक स्पॉट) पर लोगों को दुर्घटना के दौरान घायलों की सहायता करने और प्राथमिक उपचार की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के लिए जिला अस्पताल नीमच के सिविल सर्जन महेंद्र पाटिल से समन्वय किया गया। इसके बाद डॉ. पीयूष गर्ग की टीम और यातायात थाना प्रभारी की टीम ने स्थानीय होटल संचालकों, ट्रक चालकों, दुकानदारों एवं क्षेत्र के रहवासियों को प्रशिक्षण दिया।
दुर्घटना के दौरान घायलों की मदद करने के तरीके बताए-
प्रशिक्षण के दौरान सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने, उसे प्राथमिक उपचार देने तथा सुरक्षित तरीके से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। उपस्थित लोगों को बताया गया कि दुर्घटना के समय घायलों की समय पर मदद और उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाना महत्वपूर्ण है। साथ ही, दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करते समय आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी गई।
राहवीर और कैशलेस उपचार योजनाओं की दी जानकारी-
कार्यक्रम में शासन की ओर से संचालित राहवीर योजना, प्रधानमंत्री राहत कैशलेस ट्रीटमेंट योजना तथा हिट एंड रन योजना के उद्देश्यों, प्रक्रियाओं और लाभों के बारे में जानकारी दी गई। इन योजनाओं के माध्यम से दुर्घटना पीड़ितों को मिलने वाली सहायता के प्रति आमजन को जागरूक किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं का लाभ समझ सकें और जरूरत के समय दूसरों की मदद के लिए आगे आएं।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील-
यातायात पुलिस नीमच ने आमजन से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं हेलमेट पहनें और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनाएं। चारपहिया वाहन में यात्रा करते समय चालक सहित सभी यात्री सीट बेल्ट का उपयोग करें। इसके साथ ही शराब पीकर अथवा किसी भी प्रकार के नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाएं।
पुलिस ने नागरिकों से सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की सहायता कर मानवीयता का परिचय देने की अपील की। यातायात पुलिस के अनुसार, सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन करके न केवल स्वयं की, बल्कि दूसरों की जान भी सुरक्षित रखी जा सकती है।