इंदौर। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि आने वाले समय में इंदौर में जलसंकट की स्थिति बन सकती है। इसके लिए लोगों को अभी से मानसिक रूप से तैयार करने की जरूरत है। शहरभर में पानी बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाना होगा। उन्होंने कहा कि नर्मदा नदी का जलस्तर कम होने से पंपिंग प्रभावित हो सकती है। इसके लिए नर्मदा प्रोजेक्ट और हाइड्रो प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों के साथ भोपाल में बैठक की जाएगी।
मंत्री विजयवर्गीय शुक्रवार को कुशवाह नगर चौराहे पर कुशवाह नगर मेन रोड निर्माण और अमृत 2.0 योजना के तहत नर्मदा लाइन के काम के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने जल संरक्षण को लेकर अपनी बात रखी।
नर्मदा का जलस्तर बनाए रखना जरूरी
विजयवर्गीय ने कहा कि नर्मदा नदी का जलस्तर निर्धारित स्तर से नीचे जाने पर पंपिंग में परेशानी आ सकती है। इसलिए जरूरी है कि नदी का जलस्तर बनाए रखने के लिए उचित व्यवस्था की जाए। इस संबंध में भोपाल में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से भी पानी बचाने के लिए लोगों को जागरूक करने की अपील की।
कुशवाह नगर में बनेगी गुणवत्तापूर्ण सड़क
कुशवाह नगर में सड़क निर्माण को लेकर मंत्री ने कहा कि स्थानीय लोगों को नुकसान न हो, इसके लिए 60 फीट की अनुमति दी गई है। सड़क निर्माण से पहले लाइन डालने का काम किया जाएगा। दीपावली के बाद सड़क निर्माण शुरू करने की योजना है। उन्होंने कहा कि सड़क की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
कालानी नगर में ब्रिज बनाने की तैयारी
मंत्री ने कहा कि कालानी नगर में यातायात का दबाव अधिक रहता है, इसलिए वहां ब्रिज की आवश्यकता है। इस संबंध में महापौर से योजना तैयार करने के लिए कहा गया है, ताकि यातायात की समस्या का समाधान किया जा सके।
विपक्ष पर साधा निशाना
विपक्ष पर निशाना साधते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि आजादी के बाद इतना गैर-जिम्मेदार विपक्ष उन्होंने नहीं देखा। उन्होंने विदेश में छात्रों के आंदोलन से जुड़े एक नेता के ट्वीट का जिक्र करते हुए सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाने से लोकतंत्र कमजोर होता है।
उन्होंने कहा कि सरकार किसी की भी हो, देश में प्रजातंत्र का जिंदा रहना जरूरी है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और विपक्ष की भूमिका भी लोकतंत्र को मजबूत करने वाली होनी चाहिए।
भ्रष्टाचार के मामले में कार्रवाई का दावा
विभाग में भ्रष्टाचार से जुड़े सवाल पर मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई गई है। कुछ लोगों को निलंबित किया गया है और शेष लोगों के खिलाफ भी जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट भी किया गया है।