मंदसौर। जिले के नारायणगढ़ में शुक्रवार दोपहर एक वॉशिंग सेंटर पर कार धोते समय करंट लगने से 32 वर्षीय कर्मचारी शमशेर रंगरेज की मौत हो गई। हादसे के दौरान शमशेर को बचाने पहुंचे एक युवक को भी करंट का झटका लगा। घटना का सीसीटीवी फुटेज शनिवार को सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, नारायणगढ़ निवासी शमशेर रंगरेज सिल्वर रंग की बलेनो कार धो रहा था। इसी दौरान उसे अचानक करंट लग गया और वह नीचे गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए दौड़े एक युवक को भी करंट का झटका लगा। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बिजली का स्विच बंद किया और शमशेर को बाइक से अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चार साल से वॉशिंग सेंटर पर काम कर रहा था शमशेर-
शमशेर नारायणगढ़ में ओम गुर्जर और लोकेश उर्फ शेरू के वॉशिंग सेंटर पर पिछले करीब चार साल से काम कर रहा था। उसके पिता सलीम मोहम्मद रंगरेज ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे शमशेर घर पर खाना खाने आया था। खाना खाने के बाद वह वापस वॉशिंग सेंटर चला गया, जहां कार धोते समय यह हादसा हो गया।
परिजनों के अनुसार, करंट लगने के बाद शमशेर मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। शमशेर अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गया है।
पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव-
हादसे के बाद शमशेर का शव शुक्रवार रात नारायणगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवाया गया। शनिवार को पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
नारायणगढ़ थाना प्रभारी राजेंद्र पंवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शमशेर की मौत करंट लगने से होना सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।