मनासा। नीमच जिले के मनासा क्षेत्र के ग्राम पीपलोन में चने के खेत में अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 7 फीट लंबे और 14 किलोग्राम वजनी अजगर का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को ग्राम पीपलोन निवासी राजू पिता गंगारामजी ने वन विभाग के उपवनमंडलाधिकारी, मनासा कुलदीप सिंह ठाकुर को सूचना दी कि उनके चने के खेत में अजगर दिखाई दिया है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए वन परिक्षेत्राधिकारी मनासा धर्मेंद्र मईडा के माध्यम से रेस्क्यू टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंची टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने 7 फीट लंबे और 14 किलो वजनी अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। अजगर पूरी तरह स्वस्थ पाया गया, जिसके बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
इस रेस्क्यू अभियान में बीट प्रभारी रावतपुरा एवं मनासा महेश पाटीदार तथा शासकीय उड़नदस्ता वाहन चालक प्रेम सिंह गौड़ का विशेष योगदान रहा। वन विभाग की टीम की तत्परता से अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे प्राकृतिक वातावरण में वापस पहुंचाया गया।