मंदसौर-नीमच। अफीम नीति 2026-27 जारी होने के बाद मंदसौर-नीमच क्षेत्र के अफीम किसानों में हलचल तेज हो गई है। सांसद सुधीर गुप्ता ने नई नीति का स्वागत करते हुए अफीम किसानों को बधाई दी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया।
सांसद गुप्ता ने बताया कि नई नीति में लुनाई-चिराई पद्धति के तहत 4.4 किलोग्राम मार्फिन औसत प्राप्त करने वाले पात्र किसानों को 10 आरी का पट्टा देने का प्रावधान है। वहीं, 4.4 किलोग्राम से कम मार्फिन औसत वाले पात्र किसानों के लिए सीपीएस पद्धति के तहत 5 आरी के पट्टे का प्रावधान बताया। इसके अलावा, पिछले वर्ष सीपीएस श्रेणी में 800 किलोग्राम उपज देने वाले पात्र किसानों को भी लाभ मिलने की बात कही।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1998-99 से 2003-04 के बीच लाइसेंस निरस्त होने की श्रेणी से जुड़े किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर भी नीति में प्रावधान किया गया है। सांसद के अनुसार, इससे लगभग 10,500 किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने समय पर नीति जारी करने के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया।