उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के वरिष्ठ नेता और कसरावद विधायक सचिन यादव को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने उन्हें उत्तर प्रदेश कांग्रेस के चुनावी वॉर रूम का चेयरपर्सन नियुक्त किया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नियुक्ति की जानकारी दी। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में भी आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिए वॉर रूम चेयरपर्सन नियुक्त किए हैं। सचिन यादव ने नई जिम्मेदारी मिलने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए वॉर रूम चेयरपर्सन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने पर वह पार्टी नेतृत्व के आभारी हैं।
चुनावी रणनीति और संगठनात्मक समन्वय की होगी जिम्मेदारी
वॉर रूम चेयरपर्सन की भूमिका चुनावी रणनीति तैयार करने, संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच समन्वय स्थापित करने और चुनाव से जुड़ी गतिविधियों को व्यवस्थित करने में अहम होती है। सचिन यादव को यह जिम्मेदारी ऐसे समय सौंपी गई है, जब कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों को गति देने में जुटी है।
कसरावद से लगातार तीन बार विधायक चुने गए
सचिन यादव मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख युवा नेताओं में शामिल हैं। वह खरगोन जिले की कसरावद विधानसभा सीट से 2013, 2018 और 2023 में लगातार तीन बार विधायक चुने गए। कमलनाथ के नेतृत्व वाली मध्य प्रदेश सरकार में वह कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं।
सचिन यादव का परिवार लंबे समय से मध्य प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहा है। उनके पिता सुभाष यादव प्रदेश कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में शामिल थे और मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री रह चुके थे। उनके भाई अरुण यादव भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। सचिन यादव ने 2003 में बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेज से वाणिज्य में स्नातक की पढ़ाई पूरी की।
पांच राज्यों में नियुक्त किए वॉर रूम चेयरपर्सन
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी सूची के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पांच राज्यों में वॉर रूम चेयरपर्सन नियुक्त किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश: सचिन यादव
पंजाब: कन्नन गोपीनाथन
गोवा: इम्रोज खान
मणिपुर: बिस्वारंजन मोहंती
उत्तराखंड: कृष्ण सात्रोद
इन नियुक्तियों के जरिए कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए राज्यों में चुनावी प्रबंधन और संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।