देवास। जिले के चंदाना गांव में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने पहुंचे। दोनों नेताओं ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और उनसे पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों और अधिकारियों के संरक्षण में अवैध एवं जहरीली शराब बेची जा रही है।
अधिकारी शराब कांड को छुपाना चाहते हैं- अरुण यादव
अरुण यादव ने कहा कि पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान एक बात सामने आई है कि देवास के अधिकारी इस शराब कांड को छुपाना चाहते हैं। उन्होंने अवैध शराब की बिक्री को लेकर सत्ता में बैठे लोगों और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए।
जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद कांग्रेस नेताओं के पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचने और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाने से मामला राजनीतिक रूप से गरमा गया है।