छतरपुर। पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के आरोपी को छतरपुर जिले की बकस्वाहा थाना पुलिस ने करीब 50 दिन बाद राजस्थान के भरतपुर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अलग-अलग राज्यों में अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थी। आखिरकार मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी प्रशांत सेन के अनुसार, बकस्वाहा थाना क्षेत्र के ग्राम भड़ाटोर निवासी भरत पिता रामप्रसाद लोधी (30) के खिलाफ दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने करीब 50 दिन पहले आरोपी को गिरफ्तार किया था, लेकिन वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस पहुंचने से पहले ही बदल देता था ठिकाना
पुलिस के मुताबिक, फरारी के दौरान आरोपी मथुरा, अहमदाबाद, रायपुर सहित छत्तीसगढ़ और ओडिशा के विभिन्न स्थानों पर घूमता रहा। पुलिस को मुखबिरों के जरिए उसकी लोकेशन की सूचनाएं मिल रही थीं, लेकिन हर बार पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह अपना ठिकाना बदल देता था।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को आरोपी के राजस्थान के भरतपुर में छिपे होने की पुख्ता सूचना मिली। इस पर बकस्वाहा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। करीब 50 दिनों से फरार आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।