राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत आज से 3 दिन जबलपुर प्रवास पर रहेंगे। 24 से 26 अक्टूबर तक वे संघ के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
इस दौरान दायित्ववान कार्यकर्ताओं, महाविद्यालयीन स्वयंसेवकों और संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ संवाद और बैठक करेंगे।
प्रवास के पहले दिन शनिवार को डॉ. भागवत जबलपुर महानगर में निवासरत मुख्य शिक्षक और उनसे ऊपर के दायित्ववान कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इस दौरान संगठनात्मक कार्यों से जुड़े विषयों पर चर्चा कर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।
निजी कॉलेज में होने वाले कार्यक्रमों में सुरक्षा कारणों से मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगाया है। कार्यक्रम में मीडिया कवरेज की भी अनुमति नहीं है।
पीटी उषा ने की मुलाकात
राज्यसभा सांसद और इंटरनेशनल खिलाड़ी रही पीटी उषा दोपहर को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से मिलने केशव कोटी पहुंचीं। तकरीबन 15 से 20 मिनट तक केशव कोटि के अंदर रहने के बाद पीटी उषा वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गई हैं।
RSS के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पद संचलन किया
विजयनगर में आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पथ संचलन किया। इसमें कई दिग्गज नेता भी शामिल हुए। पथ संचलन के मार्ग पर जगह-जगह स्वागत पंडाल लगाए गए थे, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।
कल कॉलेज के स्वयंसेवकों के शिविर में शामिल होंगे
25 अक्टूबर को डॉ. भागवत महाकौशल प्रांत के महाविद्यालयीन स्वयंसेवकों के शिविर में शामिल होंगे। यहां वे युवा स्वयंसेवकों से संवाद करेंगे।
प्रवास के अंतिम दिन 26 अक्टूबर को वे RSS महाकौशल प्रांत की कार्यकारिणी और विभाग टोली के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इसमें संगठनात्मक कार्यों, गतिविधियों और समसामयिक विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही आगामी कार्यों के लिए मार्गदर्शन देंगे।