माउंट आबू। केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह से माउंट आबू नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य ने मुलाकात कर शहर के पर्यटन विकास और आधारभूत सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए 15 प्रस्ताव सौंपे। मंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार की ओर से प्रस्ताव मिलने पर उन पर शीघ्र निर्णय लेकर क्रियान्वयन की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि माउंट आबू के चौमुखी विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य ने माउंट आबू से करीब 20 किलोमीटर दूर शांतिवन में केंद्रीय पर्यटन मंत्री से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मंत्री का माला और साफा पहनाकर स्वागत किया। वहीं, केंद्रीय मंत्री ने भी नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य का माला और साफा पहनाकर अभिनंदन किया।
मुलाकात के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने माउंट आबू में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, विकास कार्यों और शहर को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने से जुड़े 15 प्रस्तावों का ज्ञापन सौंपा। केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से जो भी प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे जाएंगे, उन पर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि माउंट आबू के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
आबू रोड के मानपुर में एयरपोर्ट बनाने की योजना
माउंट आबू और आसपास के क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आबू रोड के मानपुर में एयरपोर्ट बनाने की योजना भी प्रस्तावित है। एयरपोर्ट बनने से क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही आसान होने और पर्यटन गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने माउंट आबू के विकास को लेकर सकारात्मक रुख जताते हुए कहा कि राज्य सरकार से प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद उन पर आगे की कार्रवाई की जा सकेगी।